पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) चौक थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 376.38 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने एक झपटमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
चौक थानाप्रभारी राज किशोर सिंह ने बताया की आरओबी एवं चमदोरिया स्थित माता ट्रांसपोर्ट के पास छापेमारी के दौरान एक पियाजियो, पिकअप वाहन और एक यामाहा मोटरसाइकिल से 180 एमएल के कुल 2,091 टेट्रा पैक विदेशी शराब (कुल 376.38 लीटर) बरामद की गई।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीपु साह तथा अंकित कुमार दुबे के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में चौक थाना पुलिस ने नाला पार इलाके से मोबाइल झपटमारी के आरोप में मो. मोदस्सिर उर्फ समीर को गिरफ्तार किया। आरोपी को भी न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बरामद वाहनों और शराब को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
