पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने भाजपा और प्रशांत किशोर पांडेय के बीच किस तरह का संबंध रहा है उसके संबंध में बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जनता दल यू में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर पांडेय को अमित शाह के कहने पर बनाया था। और 2025 के चुनाव में भाजपा ने प्रोक्सी विपक्ष के तौर पर जन सुराज पार्टी को चुनाव मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद भाजपा और पीके के बीच अंदर खाने जो समझौता था वह उजागर हो गया।
अब उससे उबरने के लिए ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर पांडेय स्वयं प्रत्याशी हुए लेकिन बिहार की जनता ने जिस तरह से लालू जी के विचार और तेजस्वी जी के कार्यों को समर्थन और विश्वास दिया उसके बाद फिर से भाजपा अनर्गल प्रलाप कर रही है जबकि सच तो यह है कि भाजपा और प्रशांत किशोर में हमेशा एक दूसरे को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की रणनीति के तहत बिहार में राजनीति की जा रही है। जब इन संबंधों का पोल खुल गया तो अब भाजपा अनर्गल प्रलाप कर जनता के बीच अपना इमेज बनाए रखना चाहती है, लेकिन बिहार की जनता पूरी तरह समझदार है और इन दोनों के राजनीतिक खेल को अच्छी तरह समझ चुकी है।
