फुलवारीशरीफ, अजीत। गोपालपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 118 पुड़िया ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से करीब 260 ग्राम ब्राउन शुगर, 860 रुपये नगद और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को सूचना मिली थी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के स्वराजनगर कनौजी में एक महिला अपने घर में ब्राउन शुगर छिपाकर रखी है और घूम-घूमकर उसकी बिक्री करती है. सूचना के बाद गोपालपुर थाना पुलिस अंचलाधिकारी, संपतचक के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही महिला घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया. महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान सीमा कुमारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता स्वर्गीय कृष्ण पासवान उर्फ राकेश पासवान, मूल निवासी मर्चामर्ची महुआ, जिला वैशाली तथा वर्तमान निवासी स्वराजनगर, थाना गोपालपुर के रूप में बताई. उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के झोले से 118 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन करीब 260 ग्राम था, 860 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस संबंध में गोपालपुर थाना कांड संख्या 361/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पूर्व से भी मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम से जुड़े एक मामले में वांछित थी. पुलिस अब ब्राउन शुगर के नेटवर्क और इसके आपूर्तिकर्ताओं की पहचान में जुटी है।
