अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड के सीमावर्ती नवाबगंज पंचायत स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) कुनकुन देवी उच्च विद्यालय, फुलकाहा के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विद्यालय को सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में विकसित किए जाने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दोपहर करीब 1:30 बजे इसका वर्चुअल उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन के साथ ही विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण कुमार दास, भाजपा जिला मंत्री आलोक कुमार साहा, सेवानिवृत्त शिक्षक ब्रजकिशोर राम, अभिभावक महेंद्र यादव, पिंटू यादव, शिक्षा समिति सदस्य रामानंद यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद महफूजुल्लाह एवं सभी शिक्षकों ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विद्यालय के मॉडल स्कूल बनने को सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब यहां के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की विधायक देवंती यादव व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकीं, लेकिन उन्होंने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से क्षेत्र के बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा का नया अवसर मिला है। शिक्षकों से बेहतर शिक्षण कार्य करने तथा विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई कर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करने की अपील की।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उद्घाटन के अनुरूप विशेष तैयारियां देखने को नहीं मिलीं। परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सामान्य रहीं, जिससे कई लोगों में चर्चा का विषय बना रहा कि इतने महत्वपूर्ण अवसर पर प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित व्यवस्था नहीं दिखी। मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से एक भी वरीय अधिकारी की मौजूदगी नहीं रही। इतना ही नहीं, विभाग का कोई प्रतिनिधि भी समारोह में नजर नहीं आया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों में मोहम्मद महफूजुल्लाह प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक दिलीप चौधरी, पंकज कुमार, आशीष आनंद , बृजभूषण यादव, शिव शंकर झा, रिकेवी कुमारी,नेहा सिन्हा, चंद्राकिशोर मेहता, नदीम सईद नागमणि कुमार, मणि प्रभात, रवि किशन शर्मा, विजय मंडल, वीरेंद्र मंडल, चंदन कुमार, सुरेश प्रसाद यादव, गणेश प्रसाद, त्रिभुवन राय, रोशन कुमार दिखे।
