बिहार

चैनपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन, संपतचक के छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा की नई सुविधा

फुलवारीशरिफ, अजीत। संपतचक प्रखंड के चैनपुर में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंगीभूत नए राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया. यह संपतचक प्रखंड का पहला राजकीय डिग्री कॉलेज है, जिसके शुरू होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. कॉलेज की शुरुआत बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत की गई है।

उद्घाटन समारोह के दौरान बिहार सरकार के परिवहन एवं वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने चैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिलापट्ट का अनावरण किया. उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के खुलने से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी. उन्होंने राज्य सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि पूरे बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है।

समारोह का मुख्य उद्घाटन भागलपुर से आभासी माध्यम से किया गया. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी शामिल हुए. कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक संसाधन और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

Advertisements
Ad 1

मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने पत्रकारों से बातचीत में राज्य की कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिहार में अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति बचेगा नहीं और सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट पर भी एनडीए की जीत का दावा किया और विपक्ष पर निशाना साधा।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने कहा कि वह स्वयं चैनपुर हाई स्कूल के छात्र रहे हैं और उसी परिसर का डिग्री कॉलेज में बदलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि कॉलेज खुलने से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि संपतचक में पहले डिग्री कॉलेज की स्थापना से शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही नामांकन, पाठ्यक्रम और शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी जारी करेगा।

Related posts

गौरीचक में टी वी एस शोरूम पर बदमाशों का धावा : मालिक व कर्मचारियों से मारपीट

बिहार में राज्य स्तरीय अल्पसंख्यक दर्जे की मांग फिर तेज, अधिवक्ता अनवर आलम ने सरकार से की पहल की अपील

एनडीए सरकार ने गाँवों पर भी टैक्स लगाकर अन्यायपूर्ण और जनविरोधी काम किया है : अरुण यादव

error: