पटना, जया कुमारी : पर्यटन के क्षेत्र में बिहार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विदेशी पर्यटकों के आगमन के मामले में बिहार अब देशभर में 9वें स्थान पर पहुंच गया है।
बुधवार को सूचना भवन में प्रेस वार्ता में पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पिछले 5 साल में राज्य में पर्यटकों की संख्या में 9 गुना की बढ़ोतरी हुई है।
आंकड़े क्या कहते हैं
2020 में बिहार में कुल 59 लाख 52 हजार 604 पर्यटक आए थे। इसमें 56 लाख 44 हजार 524 देशी और 3 लाख 8 हजार 80 विदेशी पर्यटक थे।
वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 6 करोड़ 62 लाख 12 हजार 415 हो गई। इसमें 6 करोड़ 54 लाख 68 हजार 527 देशी और 7 लाख 43 हजार 888 विदेशी पर्यटक शामिल हैं।
इस वर्ष मई तक ही 3 करोड़ 42 लाख 34 हजार 761 पर्यटक आ चुके हैं, जिसमें 5 लाख 50 हजार 548 विदेशी हैं।
सरकार की बड़ी योजनाएं
मंत्री ने बताया कि पर्यटकों को सुविधा देने के लिए सभी जिलों में एक-एक क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय खोला जाएगा। मुख्यमंत्री होम स्टे योजना से 20 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सीतामढ़ी के पास पुनौराधाम में मां जानकी मंदिर का निर्माण 3 साल में पूरा होगा। विष्णुपद कॉरिडोर और महाबोधि-राजगीर-नालंदा कॉरिडोर का मास्टर प्लान केंद्र को भेजा जा चुका है। इसे केंद्र की स्वदेश दर्शन-2 योजना के तहत विकसित किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना मद में पर्यटन के लिए 1301 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
गाइड और सुरक्षा पर फोकस
निदेशक उदयन मिश्रा ने बताया कि बोधगया में विदेशी सैलानियों के लिए गाइडों को ट्रेनिंग दी जा रही है। 23-24-25 जुलाई से नालंदा विश्वविद्यालय में पहले बैच के 50 गाइड को वर्मा, थाईलैंड, जापान, चीन जैसी भाषाओं का प्रशिक्षण मिलेगा। गया से बैंककॉक के लिए सीधी विमान सेवा जल्द शुरू होगी। पर्यटक पुलिस की अवधारणा पर भी काम चल रहा है।
श्रावणी मेले में नई सुविधाएं
इस बार श्रावणी मेला खास होगा। पहली बार ड्रोन शो, लेजर शो, संगीतमय वाटर फाउंटेन होंगे। कांवरिया मार्ग पर 101 गेट बन रहे हैं, जिसमें 11 गेट पर वाटर मिस्ट और शिव भजन की व्यवस्था होगी।
