नई दिल्ली, (न्यूज़ क्राइम 24) राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन बुधवार को अभिमंच सभागार में किया गया। समारोह में पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाजों के साथ नई दिल्ली और 4 क्षेत्रीय केंद्रों के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में NSD नई दिल्ली और बेंगलुरु, गंगटोक, वाराणसी, अगरतला के चारों क्षेत्रीय केंद्रों के लगभग 110 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रशिक्षण
- नई दिल्ली: नाट्य कला में 3 वर्षीय डिप्लोमा
- गंगटोक, सिक्किम: नाट्य कला में 1 वर्षीय प्रमाण पत्र
- बेंगलुरु, कर्नाटक: अभिनय में 1 वर्षीय पाठ्यक्रम
- वाराणसी, उत्तर प्रदेश: भारतीय शास्त्रीय रंगमंच में 1 वर्षीय प्रमाणपत्र
- अगरतला, त्रिपुरा: शिक्षा-में-रंगमंच में 1 वर्षीय प्रमाणपत्र
गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में NSD सोसायटी के उपाध्यक्ष प्रो. भरत गुप्त, निदेशक श्री चित्तरंजन त्रिपाठी, कुलसचिव श्री प्रदीप कुमार मोहंती, प्रो. एवं डीन प्रो. शंतनु बोस, मुख्य रंगमंडल प्रमुख श्री राजेश सिंह सहित कई वरिष्ठ संकाय सदस्य उपस्थित थे।
चारों क्षेत्रीय केंद्रों के निदेशक – श्रीमती वीणा शर्मा भूसनूरमठ (बेंगलुरु), श्री सौति चक्रवर्ती (गंगटोक), श्री विवेक एम्मानेनी (वाराणसी) और बिप्लब बोरकाकोटी (अगरतला) ने भी विद्यार्थियों का स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और पारंपरिक विधि-विधान से हुई। इसके बाद श्री वेत्री भूपति एवं टीम द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय संगीत ने समारोह को सांस्कृतिक रंग दिया।
