बिहार

दुर्गा मंदिर में देवी भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्म और माता सती के प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन

अररिया, रंजीत ठाकुर। श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा मंदिर फुलकाहा परिसर में आयोजित 9 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा का शुभारंभ मां भगवती की आराधना के साथ हुआ। कथावाचिका राजयोगिनी बी.के. प्रभा दीदी ने श्रीकृष्ण जन्म, वासुदेव के जीवन, यादव वंश के विनाश तथा माता सती के जन्म और विवाह से जुड़े प्रसंगों का अत्यंत मार्मिक एवं रोचक वर्णन किया। कथा के दौरान राजा जन्मेजय और महर्षि व्यास के संवाद का उल्लेख करते हुए बताया गया कि जन्मेजय ने प्रश्न किया कि जिनके पुत्र के रूप में स्वयं भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया, ऐसे पराक्रमी, धर्मनिष्ठ एवं देवताओं द्वारा पूजनीय वासुदेव को कारागार का कष्ट क्यों सहना पड़ा। इस पर महर्षि व्यास ने वासुदेव के जीवन के संघर्षों, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म तथा यादव वंश के विनाश के कारणों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने गांधारी द्वारा श्रीकृष्ण को दिए गए शाप और ब्राह्मणों के शाप का भी उल्लेख किया।

Advertisements
Ad 1

व्यासपीठ से कथा सुनाते हुए बी.के. प्रभा दीदी ने माता सती के जन्म और भगवान शिव से उनके विवाह का प्रसंग भी विस्तार से सुनाया। उन्होंने बताया कि प्रजापति दक्ष और उनकी पत्नी प्रसूति ने सर्वशक्तिमान कन्या की प्राप्ति के लिए कठोर तपस्या की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर आद्यशक्ति ने स्वयं उनकी पुत्री के रूप में जन्म लेने का वरदान दिया और माता सती के रूप में अवतरित हुईं। बचपन से ही सती का मन भगवान शिव की भक्ति में लीन रहता था और उन्होंने शिव को ही अपने पति के रूप में स्वीकार करने का संकल्प लिया। विवाह योग्य होने पर दक्ष ने ब्रह्माजी से परामर्श किया, जिन्होंने बताया कि सती साक्षात आदिशक्ति और शिव आदिपुरुष हैं, इसलिए दोनों का विवाह ही सृष्टि के कल्याण के लिए आवश्यक है। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु पूरे समय श्रद्धा और भक्ति में डूबे रहे। कथावाचिका के सहज एवं प्रभावशाली प्रवचन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने देवी की आरती कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Related posts

डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों व सीए का सम्मान, रक्तदान शिविर का आयोजन

राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने शरद यादव की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई

शेखपुरा डीएम ने एक्साइज कोर्ट भवन व इंजीनियरिंग कॉलेज की जमीन का निरीक्षण किया, दिए सख्त निर्देश

error: