अररिया, रंजीत ठाकुर। बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। नगर पंचायत नरपतगंज और बसमतिया ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविरों में प्राप्त आवेदनों से यह स्पष्ट हुआ कि लोगों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है।
नगर पंचायत नरपतगंज के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय प्रेमनगर मथुरा (वार्ड संख्या-20) तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय धरहरा (वार्ड संख्या-01) में कार्यपालक पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य पार्षद शन्नू कुमारी ने की।
शिविर में नगर पंचायत कर्मियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नरपतगंज थाना के एसआई राजू कुमार भी मौजूद थे। शिविर में लगभग दो दर्जन आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क निर्माण एवं अन्य जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
वहीं बसमतिया पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर की अध्यक्षता नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक देवंती यादव ने की। जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचल पदाधिकारी रविंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। बसमतिया शिविर में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों ने आवास योजना, नल-जल योजना, बिजली आपूर्ति, भूमि विवाद, पेंशन सहित कई जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग शिविर आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
