पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार के गन्ना एवं चीनी उद्योग को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार और वसंतदादा शुगर संस्थान (VSI), पुणे के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। विकास भवन, पटना स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य के गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने की। इस अवसर पर मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि यह समझौता बिहार के गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार, गन्ना आधारित नए उद्योगों की स्थापना तथा गन्ना उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
माननीय मंत्री ने कहा कि वसंतदादा शुगर संस्थान की तकनीकी एवं वैज्ञानिक विशेषज्ञता के सहयोग से राज्य में आधुनिक गन्ना उत्पादन तकनीकों का प्रसार होगा, चीनी मिलों की कार्यक्षमता में सुधार आएगा तथा किसानों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
वसंतदादा शुगर संस्थान, पुणे के महानिदेशक श्री संभाजी कडुपाटिल ने कहा कि बिहार में गन्ना क्षेत्र के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। संस्थान अपनी अनुसंधान क्षमता, तकनीकी विशेषज्ञता एवं आधुनिक प्रौद्योगिकी के माध्यम से बिहार सरकार को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। एमओयू के तहत गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, उन्नत एवं रोग प्रतिरोधी गन्ना प्रजातियों का विकास एवं प्रसार, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार, चीनी मिलों के आधुनिकीकरण, बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनर्जीवन, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, गन्ना क्षेत्र विस्तार तथा किसानों एवं विभागीय पदाधिकारियों के प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्द्धन के लिए संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में बिहार के ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा इस साझेदारी को बिहार के गन्ना एवं चीनी उद्योग के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। समारोह में विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी संयुक्त् ईखायुक्त श्री वेदव्रत कुमार ,श्री अशोक दत्तारे कैडलक वसंतदादा शुगर संस्थान के वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ, चीनी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
