पटनासिटी, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार की राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध व्यावसायिक केंद्र मारूफगंज मंडी में बुधवार की सुबह तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग स्थानीय व्यवसायी शैलेश कुमार के मकान में लगी, जहां सिंदूर एवं पूजा सामग्री की दुकान संचालित होती थी। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम सुबह करीब 4:35 बजे मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों को लगाया गया। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तीन बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियों की मदद से स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड कर्मियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में दुकान का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं राहत कार्य की निगरानी के लिए मालसलामी थाना पुलिस भी दल-बल के साथ मौजूद रही। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
