पटना, सुनील कुमार : बिहार में खेल विकास को गति देने के लिए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने बुधवार को विकास भवन में विभाग की हाईलेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में नव नियुक्त खेल सचिव विनोद सिंह गुंज्याल, खेल निदेशक आरिफ अहसन समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हर सोमवार-बुधवार होगी विभाग की समीक्षा
खेल मंत्री ने विभाग को सक्रिय, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया। निर्देश दिया कि अब खेल विभाग के कामों की समीक्षा हर सोमवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से होगी ताकि योजनाओं में निरंतरता बनी रहे।
एकलव्य स्कूलों की मॉनिटरिंग, खिलाड़ियों को बाहर ट्रेनिंग
मंत्री ने एकलव्य विद्यालयों और खेल प्रशिक्षण केंद्रों को प्रतिभा विकास का आधार बताते हुए इनकी चयन प्रक्रिया और ट्रेनिंग की नियमित मॉनिटरिंग के आदेश दिए। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश के नामी संस्थानों में ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। साथ ही बिहार के कोच भी दूसरे राज्यों और राष्ट्रीय संस्थानों में जाकर आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति सीखेंगे।
बांका में वाटर स्पोर्ट्स, जमुई में शूटिंग रेंज
बैठक में बांका के ओढ़नी डैम में प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी और जमुई में शूटिंग रेंज प्रोजेक्ट की समीक्षा हुई। मंत्री ने भवन निर्माण विभाग को दोनों का विस्तृत मॉडल और DPR जल्द तैयार करने को कहा ताकि वित्तीय मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो। प्रोजेक्ट्स में दूसरे राज्यों की बेस्ट प्रैक्टिस और आधुनिक मानक शामिल करने के निर्देश दिए।
SAI मॉडल पर बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
खेल मंत्री ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण(SAI )के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मॉडल का अध्ययन कर बिहार में भी खेल विशेषज्ञों और तकनीकी स्टाफ के साथ उत्कृष्ट खेल केंद्र विकसित किए जाएंगे। देश के नामी खिलाड़ियों को बिहार से जोड़ा जाएगा। राजगीर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों का हब बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
PPP से चलेगा स्टेडियम, गैर-खेल गतिविधि पर रोक
खेल अवसंरचना के संचालन के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP)मॉडल के दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई। जिला-प्रखंड स्तर के स्टेडियम चलाने में निजी भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा, लेकिन इसके लिए स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) और समयबद्ध प्रक्रिया जरूरी होगी। मंत्री ने साफ कहा कि किसी भी खेल भवन का इस्तेमाल गैर-खेल गतिविधि के लिए नहीं होगा।
ओलंपियन शिवनाथ सिंह को सम्मान
बैठक में बिहार के पहले ओलंपियन धावक शिवनाथ सिंह को सम्मानित करने का फैसला हुआ। 1976 और 1980 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवनाथ सिंह का मैराथन रिकॉर्ड दशकों तक कायम रहा। खेल भवन में उनका जीवन परिचय और उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी।
27 सितंबर से राज्य खेलों का आयोजन
बिहार ओलंपिक संघ 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक राज्य खेलों का आयोजन करेगा। अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि यह राज्य के खेल इतिहास का अहम अध्याय होगा। विजेताओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।
अंतरराज्यीय एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू होगा
खिलाड़ियों के लिए अंतरराज्यीय एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने पर सहमति बनी। इसके तहत बिहार के खिलाड़ी दूसरे राज्यों की बेहतरीन सुविधाओं में ट्रेनिंग ले सकेंगे। प्रखंड-पंचायत स्तर की खेल अवसंरचना को खेल संघों को सौंपा जाएगा ताकि उनका नियमित उपयोग हो।
