बिहार

ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पैदल कार्यालय पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रेरणा से आज राष्ट्रीय लोक मोर्चा के युवा नेता एवं पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश जी ने अपने वर्तमान आवास से विकास भवन स्थित अपने कार्यालय तक पैदल पहुँचकर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने ईंधन की खपत में कमी लाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मंत्री ने राज्य सरकार के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आग्रह किया कि वे निजी वाहनों का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही करें तथा दैनिक आवागमन के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन, पैदल चलने, साइकिल अथवा इलेक्ट्रिक वाहन का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के कारण आज विश्व ईंधन संकट जैसी चुनौती का सामना कर रहा है। साथ ही, तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन और बदलती जीवनशैली का मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी परिस्थिति में परंपरागत ईंधन पर निर्भरता कम करना समय की आवश्यकता है। इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम होगा, पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा और पैदल चलने अथवा साइकिल के उपयोग से सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा ईंधन की खपत कम करने के आह्वान से प्रेरणा लेते हुए पंचायती राज विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रत्येक शुक्रवार निजी वाहन के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन अथवा पैदल कार्यालय आने का आग्रह किया गया है। उन्होंने आमजन से भी इस मुहिम में सहयोग करने तथा ईंधन संकट की वैश्विक चुनौती से निपटने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने उक्त आशय की जानकारी देते हुए कहा कि माननीय मंत्री का यह कदम प्रेरणा योग्य है। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने युवा नेता दीपक प्रकाश को इस प्रेरक पहल की बधाई दी है।

Related posts

सम्राट चौधरी की सरकार ने शिक्षा के भगवाकरण की नीति अपनाई ; जनता दल यू और एनडीए के अन्य घटक दलो की चुप्पी क्यों : एजाज अहमद

मनेर में पासपोर्ट एवं उपडाकघर ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; परिसर खाली कराया, पुलिस बल तैनात

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के समक्ष जन सुराज पार्टी के दर्जनों नेताओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की

error: