पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल तथा मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2026 के दूसरे दिन सोमवार को राज्यभर के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा के तहत प्रथम पाली में पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक भौतिकी (Physics), एंटरप्रेन्योरशिप (Entrepreneurship) एवं मनोविज्ञान (Psychology) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। वहीं द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक विज्ञान संकाय के लिए कृषि (Agriculture), कला संकाय के लिए संगीत (Music) तथा वोकेशनल कोर्स के लिए हिंदी विषय की परीक्षा हुई। वहीं मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा के अंतर्गत प्रथम पाली में पूर्वाह्न 09:30 बजे से 12:15 बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई। दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए विज्ञान के स्थान पर संगीत विषय की परीक्षा ली गई। द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 04:45 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा संपन्न हुई।
05 मई को ये परीक्षाएं होंगी:
समिति के अनुसार, 05 मई 2026 को इंटरमीडिएट विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा में प्रथम पाली (09:30 बजे से 12:45 बजे तक) में सभी संकायों के लिए अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली (02:00 बजे से 05:15 बजे तक) में विज्ञान एवं कला संकाय के लिए गणित तथा वाणिज्य संकाय के लिए बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा में 05 मई को प्रथम पाली में गणित विषय की परीक्षा होगी, जबकि दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए गृह विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक अंग्रेजी (सामान्य) विषय की परीक्षा ली जाएगी। समिति ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संचालित हो रही है।
