पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जीज़स एंड मेरी एकैडमी के प्रांगण में शुक्रवार को नव नामांकित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए एक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के पठन-पाठन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या पूजा एन शर्मा, निदेशक अम्ब्रोस पैट्रिक एवं उपस्थित अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिससे पूरा प्रांगण तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा विभिन्न आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए गए। साथ ही अभिभावकों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के खेलों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका अर्चना ठाकुर ने किया। अपने संबोधन में प्राचार्या पूजा एन शर्मा ने कहा कि विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन इसमें अभिभावकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावक एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के समन्वय से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सकता है। इस दौरान कुछ अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाएं उषा किरण, नव्या कुमारी, अजीता कुमारी एवं श्रुति कुमारी का विशेष योगदान रहा। अंत में प्राचार्या ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
