शेखपुरा, उमेश कुमार : जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
कुल 7 आवेदन प्राप्त :
डीएम के समक्ष कुल 07 आवेदन आए। इनमें नल का जल आपूर्ति कराने, शराब बिक्री पर रोक लगाने, जमीन विवाद, मकान निर्माण में रोक लगाने, इस्लामिया हाई स्कूल शेखपुरा में हो रही अनियमितता पर रोक लगाने, दबंग द्वारा जमीन अतिक्रमण करने और बैंक से लोन दिलाने से संबंधित मामले शामिल थे।
एक सप्ताह में निष्पादन का भरोसा
जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदकों को एक-एक कर बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों को एक सप्ताह के अंदर निष्पादित कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है।
‘हर नागरिक को मिले सम्मान’
डीएम श्री शेखर आनंद ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि हर नागरिक को सम्मान मिले और उनकी समस्याओं का निराकरण कर उनका जीवन आसान बनाया जाए। ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम इसी दिशा में एक प्रतिबद्ध कदम है।
सोमवार-शुक्रवार को चलता है अभियान
गौरतलब है कि शेखपुरा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में सोमवार और शुक्रवार को ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना और जनता व प्रशासन के बीच की दूरी कम करना है।
