अररिया, रंजीत ठाकुर। फारबिसगंज में विगत दिनों हुई हृदय विदारक घटना में अमौना निवासी पिकअप चालक नवी हसन की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। रविवार को जनप्रतिनिधियों का दल जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र स्थित मृतक के घर पहुंचा और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने निजी कोष से मृतक के आश्रितों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनके साथ नरपतगंज की विधायक देवंती देवी, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम उर्फ पप्पू अजीम, जोगबनी नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव, जदयू नेता मुन्ना खान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि यदि लोग वीडियो बनाने के बजाय पीड़ितों को बचाने का प्रयास करते, तो संभवतः दो जानें बचाई जा सकती थीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं के समय संवेदनशीलता दिखाएं और सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक या सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट न करें। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
वहीं विधायक देवंती देवी ने कहा कि मृतक की बेटी की शादी होने वाली थी, ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर परिवार की हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि मृतकों को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उनके आश्रितों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने फारबिसगंज के लोगों द्वारा बनाए रखे गए धैर्य की भी सराहना की।
जदयू नेता मुन्ना खान ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार की सहायता के साथ-साथ मृतक की बेटी की शादी में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसे जड़ से खत्म करने के लिए अभियान चलाने और अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अन्य जनप्रतिनिधि में जोगबनी नगर परिषद मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव,जदयू नेता आशीष पटेल, भाजपा नेता नागेश्वर यादव, सतीश कौशिक, कारी अब्दुल सलाम एवं स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
