पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार दिवस के अवसर पर विधान परिषद के उपसभागार में वामथलव एवं बिहार विजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “शक्ति उत्सव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार शक्ति सम्मान से करीब 250 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व वामथलव संस्था की संस्थापिका प्रिया शर्मा एवं बिहार विजन फाउंडेशन की संस्थापिका सोनी तिवारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि आने वाले समय में बिहार के हर जिले में मासिक धर्म को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और सेनेटरी पैड का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही इस विषय पर संवाद कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। वामथलव संस्था ने बिहार दिवस के अवसर पर राज्य में अपने अभियान की औपचारिक शुरुआत की। संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और मासिक धर्म से जुड़े संकोच को खत्म करना है।
संस्थापिका प्रिया शर्मा ने कहा कि यह केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक सोच है, जो बिहार की बेटियों के लिए काम करेगी। हमने समाज की सशक्त महिलाओं को इस अभियान से जोड़ा है, जो आगे इस मिशन को मजबूती देंगी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं एमएलसी संजय पासवान, रेडियो जॉकी अंजली सिंह, आईईएस अधिकारी शशांक शेखर, समीर परिमल, असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. दयानिधि शर्मा, डॉ. अनामिका, डॉ. वंदना मिश्रा, रंजय सिंह, प्रीतेश आनंद, मुस्कान दमनिया एवं नवजोत कौर सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक बदलाव को लेकर विशेष चर्चा की गई, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
