पटनासिटी, रॉबीन राज। पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मानवता और तत्परता की मिसाल देखने को मिली, जब एक गर्भवती महिला ने स्टेशन के वेटिंग रूम में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी पुलिसकर्मियों ने ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया। रेलवे सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने बताया कि बिहटा सदीशोपुर निवासी रेखा कुमारी अपने पति पिंटू कुमार के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पर इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों को तुरंत सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए वेटिंग रूम को खाली कराया। स्टेशन पर उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षित महिला कर्मियों की मदद से आवश्यक व्यवस्था की गई। तत्परता और सूझबूझ के साथ सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसके बाद महिला ने एक स्वस्थ लड़के को जन्म दिया। प्रसव के तुरंत बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर जच्चा-बच्चा को पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को आपात स्थिति में त्वरित और संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराना है। इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर तैनात बलों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि ऐसी परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से मदद की जा सके। इस सराहनीय पहल पर स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सुरक्षाकर्मियों की जमकर प्रशंसा की। यात्रियों ने कहा कि समय पर उठाए गए कदम से मां और नवजात की जान सुरक्षित रही, जो पुलिस की मानवीय संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।
