बिहार

छत से गिरकर 11वीं की छात्रा की मौत : तीन दिन बाद भी गुत्थी बरकरार, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म से इनकार…

फुलवारीशरीफ, अजित। फुलवारी शरीफ में 11वीं की छात्रा की रहस्यमय मौत के तीन दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है. अपार्टमेंट की छत से गिरकर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के हाथ लग चुकी है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि पुलिस अब भी आधिकारिक जांच रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण का इंतजार कर रही है। घटना के बाद हिरासत में लिए गए चार लोगों को पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है. हालांकि पुलिस प्रतिदिन उन्हें थाने बुलाकर गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि छात्रा पहले छत पर गई थी और कुछ ही मिनट बाद एक युवक भी वहां पहुंचा था. सीसीटीवी फुटेज में छात्रा के जाने के करीब एक मिनट बाद उक्त युवक के सीढ़ियां चढ़ने की बात सामने आई है. पुलिस उस युवक से लगातार पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

पुलिस का प्राथमिक मानना है कि छात्रा ने टॉप फ्लोर से छलांग लगाई. लेकिन किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, यह अब भी रहस्य बना हुआ है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. छत पर मिली शराब की खाली बोतलों ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच में सामने आया है कि अपार्टमेंट में काम करने वाले कुछ मजदूर और गार्ड रात में वहां शराब का सेवन करते थे. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और किसकी भूमिका संदिग्ध हो सकती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी लगातार मौके का निरीक्षण कर रहे हैं. सिटी एसपी पश्चिम स्वयं चारों युवकों से पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस का दावा है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी.

इधर मृतका के परिजन पुलिस की थ्योरी से संतुष्ट नहीं हैं. परिजनों का आरोप है कि उनकी पुत्री की हत्या कर उसे छत से फेंका गया है. परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी के साथ गलत करने का प्रयास किया गया था और विरोध करने पर उसे टॉप फ्लोर से नीचे फेंक दिया गया. परिवार लगातार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है.
परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के दिन हिरासत में लिए गए चार लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया, क्योंकि उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला और ना ही उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. ऐसे में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Advertisements
Ad 1

अब उठ रहे हैं कई अहम सवाल-

छात्रा घटना के समय टॉप फ्लोर पर आखिर क्यों गई थी, यह अब भी जांच का बड़ा विषय बना हुआ है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या छात्रा पहले भी छत पर जाया करती थी या घटना के दिन किसी विशेष कारण से वह वहां पहुंची थी. सीसीटीवी फुटेज में छात्रा के छत पर पहुंचने के कुछ ही मिनट बाद एक युवक के वहां जाने की बात सामने आई है, जिससे मामले ने और संदेह पैदा कर दिया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय छत पर और कौन-कौन मौजूद था और उनकी भूमिका क्या रही। जांच के दौरान छत पर मिली शराब की खाली बोतलों ने भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की बोतलें किसकी थीं और वहां किसके द्वारा शराब पार्टी की जाती थी. वहीं घटना के बाद हिरासत में लिए गए चार लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उन्हें किन आधारों पर पीआर बांड पर छोड़ा गया. पुलिस का कहना है कि अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है और उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार नहीं की है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या छात्रा किसी दबाव या भय में थी अथवा उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया. इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि छात्रा को धक्का देकर नीचे गिराया गया या उसने खुद छलांग लगाई. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे सभी संदिग्ध लोगों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है. इसके साथ ही छात्रा के साथ पढ़ने वाली सहेलियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और छात्रा की मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी मिल सके। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि पूरे मामले में कहीं ना कहीं लीपापोती की कोशिश की जा रही है. हालांकि पुलिस निष्पक्ष जांच का दावा कर रही है और हर पहलू को खंगालने की बात कह रही है. तीन दिन बीत जाने के बावजूद रहस्य की यह गुत्थी उलझी हुई है और पूरे शहर की निगाहें अब अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

Related posts

15 दिवसीय अभिनय नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

3 वर्षीय बच्चे के लिवर कैंसर का सफल जटिल ऑपरेशन, सात घंटे चली हाईटेक सर्जरी से मिली नई जिंदगी

महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक को उमड़ा आस्था का सैलाब

error: