शेखपुरा, उमेश कुमार : डीएम शेखर आनंद द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए आमजनों से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं पूरी गंभीरता से सुनी और उनके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश किए. डीएम सबसे पहले शेखपुरा स्थित स्वरोजगार भवन शेखपुरा एवं बरबीघा पहुंचे. वहां आयोजित संवाद कार्यक्रम में ₹ प्रखंड प्रमुख, विभिन्न पंचायत के मुखिया एवम पंचायत समिति सदस्य तथा स्थानीय लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे. डीएम ने एक-एक कर लोगों की बातें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन-शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए.

स्वरोजगार भवन के पश्चात जिलाधिकारी बरबीघा प्रखंड पहुंचे. वहां भी उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया. चर्चा के दौरान मुख्य रूप से स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में अस्पतालों में चिकित्सकों और विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, बुनियादी ढांचा अंतर्गत नए विद्यालयों की आवश्यकता, सड़कों का निर्माण और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया. वही दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन, मोटेशन में आ रही दिक्कतें, पेंशन योजनाएं और पंचायत सरकार भवन के निर्माण में हो रहे विलंब, सोलर लाइट की स्थापना और अन्य विकास कार्यों के बारे में भी उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया.
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उपस्थित जनसमूह को भरोसा दिलाया कि इन सभी मुद्दों का शीघ्र ही विधिवत निदान किया जाएगा. संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने जन-प्रतिनिधियों से विशेष सहयोग की अपील की. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते कहा कि सभी योग्य किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने में प्रशासन की मदद करें .साथ ही जिले में चल रहे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करें. उन्होंने सभी जिला वासियों से अपील की कि वे फाइलेरिया की दवा का सेवन अनिवार्य रूप से करें. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जन-प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया.
