पटना, अजित। बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश में ठंड का एहसास दोबारा बढ़ गया है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन तापमान में आई गिरावट और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है. सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ गई है, जबकि कई जिलों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई है.राजधानी पटना में शनिवार की सुबह घना कोहरा देखने को मिला. सुबह देर तक कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. वाहनों को सुबह करीब 8 बजे तक लाइट जलाकर चलना पड़ा. करीब 9 बजे के बाद कोहरा छंटने लगा और धूप खिली, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली. हालांकि धूप निकलने के बावजूद हवा में ठंडक बनी रही और सुबह-शाम कनकनी महसूस की जाती रही। मौसम विभाग ने कोहरे और ठंड को देखते हुए राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर शामिल हैं. विभाग के अनुसार फरवरी के पहले दिन इन जिलों में घना कोहरा बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 18.0 से 25.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस फॉरबिसगंज (अररिया) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में दर्ज किया गया. इस दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में दर्ज किया गया. पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 7.8 से 12.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कोहरे ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य में सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर भागलपुर में दर्ज की गई. शनिवार की सुबह पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा. कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आगे के पूर्वानुमान की बात करें तो अगले तीन दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. इसके बाद अगले दिन प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भाग के जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
तापमान को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. हालांकि इसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है. इससे आने वाले दिनों में धीरे-धीरे ठंड से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है. वाहन चालकों को कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है. फिलहाल ठंडी हवाओं और कोहरे के बीच सतर्कता ही बचाव का सबसे बेहतर उपाय बताया गया है।
