फुलवारीशरीफ, अजित। पटना समेत बिहार के कई जिलों में दिन के समय अच्छी खासी धूप निकल रही है, लेकिन इसके बावजूद ठंड से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है. मौसम का यह मिजाज अभी कई दिनों तक बने रहने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है.
दोपहर के वक्त कुछ समय के लिए ठंड से राहत जरूर मिल रही है, लेकिन देर शाम होते ही कोहरा और ठंडी हवाओं की चपेट में पूरा बिहार आ जाता है, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की जाती है.
रात के समय ठंड का असर और अधिक बढ़ जाता है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा 12 जनवरी 2026 को जारी दैनिक मौसम विज्ञप्ति के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम शुष्क बना रहा. इस दौरान पूर्णिया एवं सुपौल जिले में अति-घने स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में 11 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरपुर में दर्ज किया गया. राज्य का अधिकतम तापमान 18.6 से 24.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस पूसा (समस्तीपुर) में 12 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया. राज्य का न्यूनतम तापमान 4.6 से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। कोहरे के कारण दृश्यता में भी भारी कमी देखी गई. सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 10 मीटर सुपौल में दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 7 दिनों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा. इस अवधि में राज्य के अनेक स्थानों पर मध्यम से घने स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने का पूर्वानुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट की प्रवृत्ति के साथ भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम में लगातार हो रहे इस बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, बुखार समेत कई तरह की मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है. मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार फिलहाल रातों में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और जनवरी माह के शेष दिनों में भी ठंड का असर बना रहेगा. पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे बिहार में ठंड का प्रकोप बरकरार रहने की संभावना है।
