पटना, अजित। गुरुवार को भाकपा माले के प्रतिनिधिमंडल ने संपतचक अंचल पदाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न गांवों में गरीबों को मिली पर्चाधारी जमीन पर अब तक बसावट नहीं होने का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने अंचल पदाधिकारी को गांववार सूची सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की. इससे पहले अपनी मांगों के समर्थन में जल्द से जल्द पूरा करने को लेकर बड़ी संख्या सीपीआईएमएल के नेताओं के साथ गरीब परिवार के बड़ी संख्या में लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
माले नेताओं ने बताया कि आलावक्सपुर मुसहरी में 9, जैबर में 14, तारनपुर में 9 और उदैनी गांव में 4 गरीब परिवारों को जमीन का पर्चा तो मिला है, लेकिन आज तक उन्हें उस जमीन पर बसाया नहीं गया है. इसके साथ ही खैराटाली, सैदानीचक, डोमनाचक और दरियापुर में पहले से बसे गरीब परिवारों को बासित पर्चा देने की मांग भी अंचल पदाधिकारी के समक्ष रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर स्थानीय भूस्वामी गरीबों को अतिक्रमणकारी बताकर प्रशासन के जरिए दमन करवाने का प्रयास कर रहे हैं.
इस पर अंचल पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर संभव प्रयास कर जनता की जरूरतों को पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो भी प्रशासन के स्तर से संभव होगा, वह किया जाएगा। इस मौके पर भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य सरोज चौबे, प्रखंड सचिव सत्यानंद कुमार, सरोज दास, धनपत दास, गुरुदेव मांझी, संदीप कुमार यादव, किसान नेता कामरेड पुकार जी, केवल राम, रामावतार दास, शिवाजी सिंह सहित कई माले कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। माले नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि पर्चाधारी गरीबों को शीघ्र बसाया नहीं गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
