पटना(न्यूज क्राइम 24): शाहजहांपुर दनियामा पेट्रोल पंप के नजदीक अपराधियों ने सोमवार की दोपहर पेट्रोल पंप के मैनेजर को गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाला शुरू कर दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल बन गया।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दनियामा शाहजहांपुर nh-30 पर कृति पेट्रोल पंप के मैनेजर पंकज कुमार पैसा लेकर बैंक में जमा कराने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही पंकज कुमार होरिल बीघा गांव के नजदीक पहुंचे पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उनसे पैसा लूटने का प्रयास किया। इस बीच पेट्रोल पंप के मैनेजर पंकज कुमार और अपराधियों के बीच छीना झपटी होने लगी । अपराधियों ने खुद को कमजोर पाकर पंकज कुमार पर गोली चला दी । बताया जा रहा है कि गोली पंकज कुमार के उंगली में लगी और वह घायल होकर वहीं गिर पड़े। मौका मिलते ही अपराधी वहां से फरार हो गए।
