फुलवारीशरीफ(अजित यादव): शनिवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद परसा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत लीड्स एशियन स्कूल कि बस अचानक सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। चर्चा है कि मोबाइल से बातें करते हुए बस का चालक गाड़ी हांक रहा था। बस चालक की लापरवाही के चलते ही बस पलट गई। बस के पलटने के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। वहीं बस में सवार दर्जनों की संख्या में बच्चों में चीख-पुकार मच गई । हादसे के बाद पटना गया मार्ग से गुजर रहे राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया । बस पलटने की सूचना मिलते ही ग्रामीण दौड़े और बस का शीशा तोड़कर उसमें फंसे बच्चों को बाहर निकाला । ग्रामीणों के मुताबिक बच्चों को हल्की फुल्की चोट लगी है कोई गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ है। स्कूली बस पलटने की खबर मिलते ही मौके पर परसा बाजार थाना पुलिस पहुंची और छानबीन में जुट गई उधर घटना के बाद आनन फानन स्कूल की बस को स्कूल प्रबंधन द्वारा निकलवा लिया गया।
पटना गया रोड में परसा बाजार थाना अंतर्गत लीड्स एशियन स्कूल में शनिवार को छुट्टी के बाद चालक बच्चों को लेकर छोड़ने के लिए निकला था। स्कूल बस में सवार बच्चों ने ग्रामीणों को बताया है कि बस का चालक मोबाइल से बातें करते हुए गाड़ी चला रहा था जिसके चलते गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। वही स्कूल प्रिंसिपल ने बस के चालक के मोबाइल से बात करने की बात को गलत बताते हुए तकनीकी खराबी आने से बस के पलटने की बात बताया।
स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद नाजिम ने बताया कि बस चालक वापस लौट रहा था जिस समय बस में महज 7 से 8 बच्चे सवार थे। प्रिंसिपल के अनुसार बस के चालक राजीव ने बताया है कि बस का एंड टूट जाने के चलते वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। पुलिस ने बताया कि बस के स्टीयरिंग के पास एंड नाम का कोई पास रहता है जिसके टूट जाने के चलते स्टेरिंग फेल हो गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान बस की स्पीड काफी कम थी जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रिंसिपल ने स्कूल के बस राजीव के द्वारा गाड़ी हाँकने के दौरान मोबाइल से बात करने और घटना के बाद फरार होने की बात को गलत बताया।
