रांची(न्यूज़ क्राइम 24): राजधानी में एक दर्दनाक खबर सामने आई है. दरअसल ये घटना पंडरा ओपी क्षेत्र के हेहल जनकनगर की है जहां अपराधियों ने दो नाबालिगों (सगे भाई-बहन) की बेरहमी से हत्या कर दी है. इस घटना में मृतक नाबालिगों की मां बुरी तरह से घायल हो गई है. जानकारी के मुताबिक, आज सुबह-सबेरे करीब 4 बजे के आसपास इस घटना को अंजाम दिया गया है. अपराधियों ने दोनों की हत्या क्रूरता से चाकू से वार करके किया है. वहीं उनकी मां पर भी हमला किया गया, जिससे मृतकों के मां की हालत गंभीर बनी हुई है.
प्रेम-प्रसंग में हुई हत्या :
वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की मां के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है. मृतकों पर हथौड़े और चाकू से हमले किए गए थे. इससे पहले भी प्रेम-प्रसंग मामले विवाद हुआ था.
किराए के मकान में रहता था परिवार :
जानकारी के अुनसार, मृतक का नाम श्वेता सिंह और नवीन कुमार है जिसमें लड़की ने हाल ही में 12वीं का एग्जाम दिया था वहीं लड़का 9वीं क्लास में पढ़ रहा था, परिवार हेहल जनकनगर में किराए के मकान में रहता था, वहीं पिता देश से बाहर दुबाई में नौकरी करते है. घर में मां चंदा सिंह के साथ दोनों बच्चे रहते थे.
