अररिया(रंजीत ठाकुर): एचआईवी एड्स सहित विभिन्न संक्रामक रोग के खतरे व इससे बचाव संबंधी उपायों के प्रति छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से अररिया कॉलेज अररिया में सेहत केंद्र का संचालन मंगलवार से शुरू हुआ। इसे लेकर आयोजित कार्यक्रम में सेहत केंद्र का विधिवत उद्घाटन अररिया कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार पाठक, बीडीओ अररिया आशुतोष कुमार, डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह, एनएसएस के संयोजक डॉ शफीक ने सामूहिक रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र स्थापना का उद्देश्य सहित स्वस्थ व समृद्ध समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर विस्तृत चर्चा की गयी।
सेहत केंद्र की स्थापना छात्रों के लिये वरदान :
कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशोक कुमार पाठक ने सेहत की केंद्र की स्थापना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वस्थ व सेहतमंद समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सेहत केंद्र की मदद से युवाओं में एचआईवी सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। बीडीओ अररिया आशुतोष कुमार ने कहा कि वैश्विक महामारी के इस दौर में कॉलेज में सेहत केंद्र की स्थापना छात्रों के लिये वरदान साबित होगा। जो युवाओं को रक्तदान के महत्व, मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकशान, सही उम्र में शादी व लिंग आधारित भेदभाव पर सही जानकारी उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।
युवाओं को स्वास्थ्य मामलों के प्रति जागरूक करेगा केंद्र :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीएम एड्स अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र के माध्यम से छात्रों को प्रजनन स्वास्थ्य, एचआईवी-एड्स सहित अन्य शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराया जायेगा। छात्रों के बीच विभिन्न कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला सहित जागरूकता संबंधी अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। केंद्र में सेहत से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें व आईईसी सामग्री उपलब्ध कराया जायेगा। इसी क्रम में एनएसएस के संयोजक डॉ शफीक ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र के युवा शक्ति सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित है। युवाओं के व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक हित को बढ़ावा देना इसका मुख्य उद्देश्य है। एनएसएस के जरिये साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आपातकालीन परिस्थितियों में पीड़ित मानवता की सेवा संबंधी भावनाओं का युवाओं में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के आयोजन की जानकारी उन्होंने दी।
