पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 की ओर से अरोड़ा हाउस स्थित शांति श्री भवन में महिला सशक्तिकरण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इनर व्हील बिहार-झारखंड की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रियंका कुमार ने किया। मेले के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई।
कार्यक्रम की संयोजक रुचि अरोड़ा ने बताया कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में करीब 50 स्टॉल लगाए गए। इसमें बिहार और झारखंड के इनर व्हील के 40 क्लबों ने भाग लिया। मेले में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों की बिक्री की और अच्छा कारोबार किया। इस अवसर पर पांच जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार शुरू करने में सहयोग देने के लिए उषा सिलाई मशीनें प्रदान की गईं।
डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रियंका कुमार ने कहा कि इनर व्हील हमेशा सेवा कार्यों में सक्रिय रहता है। यह मेला महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक पहल है। वहीं, संयोजक रुचि अरोड़ा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को सामने लाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इनर व्हील आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में पैट नीना कुमार, पीडीसी एवं मेंटर वोकेशनल सपोर्ट वीणा जैन, टीडीसी एवं पीडीसी श्वेता सिन्हा, डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरर विभा चरणपहाड़ी, डिस्ट्रिक्ट आईएसओ नीलू अरोड़ा, पटना सिटी सीजीआर विमला जी सहित इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट एवं पटना सिटी की सदस्याएं मौजूद रहीं। इसके अलावा रोटरी बिहार-झारखंड के चेयरमैन अनंत अरोड़ा और रोटरी पटना सिटी के अध्यक्ष पंकज जी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
