फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के एम्स गोलंबर के पास मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मारुति ब्रेजा कार से 202.8 लीटर विदेशी शराब बरामद की. मौके से भोजपुर निवासी काजू कुमार को गिरफ्तार किया गया. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार, 10 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के बाद निरीक्षक मद्य निषेध नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई. एम्स गोलंबर के पास जांच के दौरान जेएच 11-ए-3688 नंबर की मारुति ब्रेजा को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में 1000 टेट्रापैक और एक बोतल में कुल 202.8 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार काजू कुमार ने बताया कि उसे यह गाड़ी नया भोजपुर में दी गई थी और पटना जीरो माइल के पास किसी अन्य व्यक्ति को वाहन सौंपना था. पुलिस अब शराब की खेप भेजने और प्राप्त करने वाले अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र कुमार, एएसआई मनीष कुमार सहित सिपाही विवेक शामिल थे. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
