अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा के जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 178 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के अंतर्गत सीमा चौकी डुमरबना की वाहन गश्ती टीम (Vehicle Patrolling Team) ने गुप्त सूचना एवं नियमित गश्ती के दौरान डुमरबना पासवान टोला क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 193/4 के निकट भारतीय सीमा क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान भारत-नेपाल सीमा से लगभग 100 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में लाया जा रहा 178 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
एसएसबी जवानों की सक्रियता को देखते हुए तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद गांजा को एसएसबी ने अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए घुरना थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार गश्ती और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। घुरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार को अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
