पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पद्मश्री पंडित सियाराम तिवारी की 28वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नाद-विस्तार समिति और लेट्स इंस्पायर बिहार, गार्गी अध्याय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को 14वीं ध्रुपद संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और संगीत जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. अनिल सुलभ ने कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की सांस्कृतिक और सांगीतिक विरासत को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. रमा दास को पंडित सियाराम तिवारी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दरभंगा घराने के युवा गायक कुमार वंश प्रभात के ध्रुपद गायन से हुई। उन्होंने राग मियां मल्हार में ध्रुपद, धम्मार और सूलताल की प्रस्तुति दी, जिसमें पखावज पर गौरव शंकर उपाध्याय ने संगत की।
इसके बाद सुप्रसिद्ध सरोद वादिका डॉ. प्रो. रीता दास ने राग रागेश्वरी में सरोद वादन प्रस्तुत किया। उनके साथ तबले पर कोलकाता के प्रसिद्ध तबला वादक सुरजीत मुखर्जी ने संगत की। कार्यक्रम की तीसरी प्रस्तुति गया एवं बनारस घराने के प्रसिद्ध गायक पंडित राजेंद्र सिजवार की रही। उन्होंने राग मेघ, मियां मल्हार, मिश्र खमाज सहित विभिन्न रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन नम्रता कुमारी ने किया, जबकि समिति की सचिव श्रीमती आशा पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में संगीत प्रेमियों और कला जगत से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही।
