बिहार

सरकार के 100 दिन पूरे, शेखपुरा जिला स्तरीय कार्यक्रम में 139 लाभार्थियों को मिला लाभ

शेखपुरा, उमेश कुमार : नई सरकार की “सेवा, संकल्प एवं समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य श्री ललन प्रसाद, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री पंकज कुमार, जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों को जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रतीक स्वरूप पौधा देकर सम्मानित किया गया। शुरुआत में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में कुल 139 लाभार्थियों और कर्मियों को लाभान्वित किया गया:

  • 27 व्यक्तियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र – इसमें जीविका दीदियां, प्रगतिशील किसान और सरकारी कर्मी शामिल हैं।
  • सामाजिक सुरक्षा: 7 लाभुकों को पेंशन एवं अंतरजातीय विवाह योजना का स्वीकृति-पत्र
  • स्वास्थ्य: 10 को आयुष्मान कार्ड, 33 टीबी मरीजों को पोषण किट
  • श्रम: 10 श्रमिकों को श्रम कार्ड
  • उद्योग: मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 10 लाभार्थियों को तीसरी किस्त का स्वीकृति-पत्र
  • राजस्व: 32 भूमिहीन परिवारों को आवास हेतु भू-पर्चा
  • खाद्य: 10 लाभार्थियों को राशन कार्ड
  • परिवहन: हिट एंड रन योजना के 2 लाभार्थियों को 2-2 लाख का चेक

जिले की 100 दिन की उपलब्धियां

कार्यक्रम में राज्यस्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया। माननीय मुख्यमंत्री ने सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही जिले की 5 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि पिछले 100 दिनों में जिले में 4 नए डिग्री कॉलेज और 6 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं। साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के लिए ऑनलाइन डिजिटल लाइव क्लास भी शुरू की गई है।

प्रखंड कार्यालयों, नगर निकायों और पंचायत भवनों में भी लोगों ने मुख्यमंत्री का संदेश सामूहिक रूप से सुना।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियां और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Related posts

सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन : सीएम ने 11,464 करोड़ की 2476 योजनाओं का किया शिलान्यास-उद्घाटन

प्रशासन की पहल से शांत हुआ शेखपुरा में छात्रों का विरोध मार्च, राष्ट्रपति को सौंपा 12-सूत्री मांग-पत्र

मुख्यमंत्री ने एल०एन० जे०पी० अस्पताल में 400 बेड के ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का किया उद्घाटन

error: