अररिया, रंजीत ठाकुर : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय की अररिया ईकाई मेरा युवा भारत, द्वारा गुरुवार को स्थानीय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान,परिसर में तीन दिवसीय भविष्य युवा नेता बूटकैंप प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसका विधिवत उद्घाटन फॉरबिसगंज विधायक विद्यासागर केशरी एवं जिला युवा अधिकारी अंजली कुमारी, प्राचार्य आफताब आलम डायट , चयन समिति सदस्य प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में विधायक विद्यासागर केशरी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने की प्रेरणा दी।वही चयन समिति सदस्य प्रवीण कुमार ने कहा कि आजादी 100 वीं वर्षगांठ वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने को मद्देनजर रखते हुए युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास जरूरी है मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित यह भविष्य युवा नेता बूट कैंप (प्रशिक्षण) युवाओं में रचनात्मक और सकारात्मक सोच के साथ ना सिर्फ खुला संवाद की क्षमता आत्म विश्वास को विकसित करेगा बल्कि देश हमें देता है सबकुछ हम भी तो कुछ देना सीखे के भाव से समाज और राष्ट्र में योगदान के लिए प्रेरित करेगा।जिससे युवा अपने जीवन का सबसे निर्णायक चरण को सही दिशा में कदम बढ़ाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं।
इस प्रशिक्षण में हार्टफुलनेस की ओर से आए प्रशिक्षक विनोद आग्रहरि, शरद झावर एवं सुश्री सिमरन द्वारा युवाओं को हार्टफुलनेस रिलेशनशिप, हृदय-मन-शरीर के सामंजस्य, भावनात्मक विकास, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही डिजिटल तकनीक के सदुपयोग और दुरुपयोग, मानसिक तनाव प्रबंधन, नेतृत्व विकास, वित्तीय समावेशन और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को जागरूक किया गया।
जिला युवा अधिकारी अंजली कुमारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण भावी युवा नेताओं को समग्र रूप से तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मौके पर अजित रंजन, गौरव, अंजेश कुमार, विकास कुमार, मनीष कुमार, पप्पू सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 35 युवा प्रतिभागी मौजूद थे। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 19 जुलाई तक चलेगा, जिसमें युवाओं को विभिन्न सामाजिक, तकनीकी और नेतृत्व से संबंधित कार्यशालाओं से होकर गुजरना होगा। कार्यक्रम का संचालन आनंद मोहन झा एवं धीरज पांडे ने किया।
