फुलवारीशरीफ, अजीत। पप्पू यादव बेउर जेल से रिहा होने के बाद सीधे फुलवारी शरीफ पहुंचे और चक मूसा गांव जाकर मृत छात्रा के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली और हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार ने सांसद को बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री रोज की तरह सुबह करीब 8:00 बजे घर से निकली थी. नकटी भवानी चक मूसा मोड़ के पास से वह ऑटो पर सवार होकर कोचिंग संचालित अपार्टमेंट के पास उतरी थी. परिजनों ने बताया कि अपार्टमेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में गार्ड छात्रा को भवन के अंदर जाते हुए देख रहा है। मृत छात्रा के पिता ने सांसद को बताया कि उनकी बेटी के अपार्टमेंट में प्रवेश करने से पहले एक लड़का अंदर मौजूद था और दो लड़के उसके पीछे-पीछे अंदर गए थे. परिवार का आरोप है कि सीसीटीवी में दिख रहे सभी युवक अपार्टमेंट में कारपेंटर का काम करते थे. परिजनों ने आशंका जताई कि इन लोगों ने छात्रा के साथ गलत करने का प्रयास किया या दुष्कर्म करने की कोशिश की. विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा को छत से फेंक कर हत्या कर दी।
परिवार ने बताया कि वे अत्यंत गरीब हैं और खेती-बाड़ी तथा दूसरों के खेतों में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किल से बच्चों की पढ़ाई करवा रहे थे. सांसद जब गांव पहुंचे तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई. उन्होंने देखा कि पीड़ित परिवार तंग गली में बने जर्जर और पुराने मकान में रहता है जहां मजदूरी कर किसी तरह परिवार जीवन यापन कर रहा है. परिवार के लोगों ने सांसद पप्पू यादव से फुलवारी शरीफ डीएसपी के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने जातिय सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज करके मामले को रफा दफा करने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है. इस पर सांसद पप्पू यादव ने नाराजगी का इजहार किया और कहा कि पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर एक जात विशेष के लोगों को धमका रही है और गरीब छात्रा के परिवार को डरा रही है . सांसद ने कहा अपराधी की कोई जात नहीं होती यहां छात्र के साथ गलत हुआ है परिवार को क्यों धमका रहे हो या न्याय दिलाने का काम करो .सरकार के ईशारे पर धमकी देने का काम नहीं करें. उन्होंने कहा कि आज किसी की बेटी सुरक्षित नहीं है।
मुलाकात के दौरान मृत छात्रा की मां रो-रोकर न्याय की गुहार लगाती रही. सांसद ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि छात्रा मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए और दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वह अंतिम सांस तक पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे.सांसद ने छात्रा मौत मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना जरूरी है। इस दौरान सांसद ने बिहार सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार की सरकार में अपराध बढ़ा है और जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं की साजिश के तहत उन्हें आधी रात में गिरफ्तार कर परेशान किया गया ताकि संसद में वे जनता की आवाज नहीं उठा सकें.पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं द्वारा उनके खिलाफ साजिश रची गई. उन्होंने कहा कि एक दिल्ली, एक बिहार और एक पूर्णिया के नेता की इसमें भूमिका रही है. उन्होंने खेमका हत्याकांड के कथित एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें गलत व्यक्ति को मारा गया है और उन्हें इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
सांसद ने कहा कि वे इस मामले को न्यायालय तक ले जाएंगे और जरूरत पड़ी तो हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि वे आम जनता और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को संसद में भी उठाते रहेंगे. सांसद ने कहा कि फुलवारी की बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई अंतिम मुकाम तक पहुंचाई जाएगी.उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रा को न्याय दिलाने की लड़ाई को वह रुकने नहीं देंगे. उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उनके प्रति आभारी हैं. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की गई थी.मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी साजिश के तहत की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें आधी रात में गिरफ्तार करवाकर परेशान करने की कोशिश की. हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा था और इसी वजह से उन्हें न्याय मिला. वहीं सांसद पप्पू यादव से स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।
