अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबगंज स्थित चैती दुर्गा मंदिर में स्थापित मां चैती दुर्गा की प्रतिमा का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विधिवत विसर्जन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भव्य जुलूस निकालकर माता को नम आंखों से विदाई दी।
हाथों में ध्वज लिए और “जय मां दुर्गे”, “जय श्रीराम” व “अगले वर्ष फिर आना माता” के जयघोष के साथ भक्तों की टोली पूरे क्षेत्र में भ्रमण करती हुई आगे बढ़ी। गाजे-बाजे और पारंपरिक विधि-विधान के बीच यह जुलूस मंदिर परिसर से निकलकर सीमा सड़क होते हुए अटल चौक से फुलकाहा बाजार होकर नरपतगंज स्थित सुरसर नदी तक पहुंचा, जहां विधिपूर्वक प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस विसर्जन के साथ ही चैती नवरात्र का विधिवत समापन हो गया। पूरे आयोजन के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। मां दुर्गा की एक झलक पाने के लिए लोग उत्सुक नजर आए। विसर्जन यात्रा के दौरान माहौल भक्तिमय बना रहा, वहीं विदाई गीतों ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, एसआई रमेश कुमार सिंह सहित पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि अरुण यादव, रंजीत कुमार पोद्दार, रंजीत साह,राजेश साह, ओमप्रकाश यादव, राजीव कुमार पोद्दार, प्रणव साह, संजय यादव, नितेश साह, पवन यादव, प्रवेश पोद्दार, गौरव साह, बिपलेश साह, कन्हैया शर्मा, सुशील यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
