पटना, अजित। संपतचक प्रखंड अंतर्गत महादलित परिवार को आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाने के लिए मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन जमीन पर पहले से खलिहान लगे होने के कारण कब्जा की प्रक्रिया फिलहाल टल गई।
भाकपा माले के प्रखंड सचिव सत्यानंद कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में खैराटाली नहर और दरियापुर नहर क्षेत्र के महादलित परिवार को तीन डिसमिल जमीन का पर्चा दिया गया था. यह भूमि वार्ड नंबर दो, मुकीमपुर पंचायत, कंडाणप-तारनपुर मौजा में स्थित है. मंगलवार को महादलित परिवार को बसाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी किया गया था. इसी क्रम में अंचल अधिकारी संपतचक जिला प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय कर्मचारी एवं अमीन के साथ मौके पर मापी कराने पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित जमीन पर स्थानीय लोगों द्वारा खलिहान लगाया गया है
जिसके कारण तत्काल कब्जा दिलाना संभव नहीं हो सका. इस पर अंचल अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट ने महादलित परिवार को आश्वस्त किया कि जैसे ही जमीन खाली कराई जाएगी, दोबारा मौके पर पहुंचकर उन्हें विधिवत कब्जा दिलाया जाएगा और पुनर्वास कराया जाएगा. इस दौरान मौके पर भाकपा माले प्रखंड सचिव सत्यानंद कुमार के साथ राजद नेता एवं पटना जिला महासचिव इंद्रजीत कुमार भी मौजूद रहे. नेताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द जमीन खाली कराकर महादलित परिवार को बसाने की मांग की। फिलहाल प्रशासन द्वारा जमीन खाली कराने की प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है और आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
