पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हजारों परिवार इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं और कई लोग अपने घरों से दूर सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं।
बाढ़ पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी की ओर से शुरू की गई लंगर सेवा लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। मानवता और सेवा भावना के तहत तख्त साहिब में विशेष रूप से तैयार किया गया लंगर लगातार प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में आज तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब की ओर से वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लंगर सेवा भेजी गई, जहां जरूरतमंद परिवारों के बीच लंगर वितरित किया गया। दवा वितरित की गई।
इस मौके पर तख्त साहिब के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी सुदीप सिंह और लंगर इंचार्ज तेजिंदर सिंह बंटी सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे। टीम की ओर से प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उन्हें लंगर वितरित किया गया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया गया। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह एवं अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन में यह सेवा निरंतर जारी है।
प्रबंधक कमेटी की ओर से कहा गया कि जब तक बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यकता होगी, तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब की ओर से लंगर और सेवा का यह सिलसिला जारी रहेगा। गुरु घर की परंपरा के अनुसार जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना ही सबसे बड़ा धर्म है। रोजाना तकरीबन बीस हज़ार लोगों के लिए लंगर भेजा जा रहा है।
