फुलवारीशरीफ, अजित। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) पटना परिसर में बी.टेक., एमबीए, एम.टेक., बीसीए और बीबीए के नव-प्रवेशित छात्रों के लिए स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम 2025 का उद्घाटन हुआ.कार्यक्रम की शुरुआत बीआईटी मेसरा मुख्य परिसर से लाइव स्ट्रीमिंग के साथ हुई, जिसमें पटना, देवघर, जयपुर और नोएडा कैंपस भी जुड़े. कुलपति प्रो. इन्द्रनील मन्ना ने छात्रों को अनुशासन, उपस्थिति और अकादमिक प्रतिबद्धता को सफल छात्र जीवन की आधारशिला बताया।
बीआईटी पटना निदेशक प्रो. आनंद कुमार सिन्हा ने छात्रों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस वर्ष संस्थान में बिहार सहित झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और गुजरात से छात्र प्रवेश ले चुके हैं, जिससे परिसर में बहुआयामी शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण बनेगा।
एआईसीटीई के नियमों के अनुसार, 21 दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम में छात्रों को विभागों, ईआरपी, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, क्लब एवं सोसायटी आदि से परिचित कराया जाएगा. साथ ही योग, मानसिक स्वास्थ्य सत्र और सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी होंगी. समापन समारोह 12 सितम्बर को होगा.जोसा/सीसैब काउंसलिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन रिक्त सीटों के लिए 26 अगस्त तक संस्थान-स्तरीय काउंसलिंग जारी रहेगी।
कार्यक्रम में डॉ. पी.सी. श्रीवास्तव, प्रो. श्रीधर कुमार, सुश्री त्रिशा कुमार, प्रो. सुधेश्ना चक्रवर्ती, प्रो. एस.पी. लाल, डॉ. शील शालिनी, डॉ. स्वेता, डॉ. प्रेमलता सिंह, डॉ. एस.के. सिन्हा, डॉ. के.पी. तिवारी, डॉ. बिनय भूषण, डॉ. मधुप कुमार, डॉ. अमित रघुवंशी और डॉ. सुनील कुमार पांडेय सहित कई शिक्षक मौजूद रहे. संचालन डॉ. स्मिता पल्लवी ने किया।
