अररिया, रंजीत ठाकुर। फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0–2026 के तहत शनिवार को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा में तीन किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया। ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नियमित व्यायाम, शारीरिक फिटनेस और स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रवीण कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट, 56वीं वाहिनी एसएसबी, बथनाहा के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य कार्मिकों एवं आमजन को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के माध्यम से ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ का संदेश देते हुए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों एवं जवानों ने दौड़ में भाग लेकर स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। उल्लेखनीय है कि फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0 के तहत दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को फिटनेस, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ वातावरण और फिट भारत के संकल्प को साकार करना है।
