अररिया, रंजीत ठाकुर। बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को नरपतगंज प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस शिविर में छात्राओं को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और यौन शोषण से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन एवं अधिकार मित्र विनय ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अपने अधिकारों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना भी बेहद जरूरी है। वक्ताओं ने ‘गुड टच और बैड टच’ के बीच अंतर समझाते हुए बताया कि किसी भी अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बच्चों को यह जानना आवश्यक है कि उनकी सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है।
पैनल अधिवक्ता राहुल रंजन ने ‘ना बाल विवाह, ना बाल शोषण’ का संदेश देते हुए छात्राओं से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करने या अनुचित हरकत करने का प्रयास करे, तो वे डरें नहीं और न ही चुप रहें। इसकी जानकारी तत्काल माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद वयस्क को दें। उन्होंने ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने, निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
शिविर के माध्यम से छात्राओं को जागरूक, सतर्क और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल मालती कुमारी, खुशबू कुमारी, प्रधानाचार्य इकराममुद्दीन, सहायक शिक्षक राजेश कुमार ठाकुर, सच्चिदानंद मेहता, रूबी कुमारी, भवेश कुमार भास्कर, दीपक राम, अमित राम, साधना रानी राय, सोनी कुमारी, आंचल कुमारी, राज कुमार यादव एवं राज कुमार दुबे सहित विद्यालय की दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं।
