फुलवारीशरीफ, अजीत। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर मंगलवार को बेऊर और गोपालपुर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पूजा समितियों, वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया. पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बेऊर थाना में पुलिस निरीक्षक सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी और थानाध्यक्ष मोहम्मद अफसर हैुसैन के नेतृत्व में हुई बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गयी. पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पुलिस की तैनाती और विसर्जन मार्ग को लेकर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
इधर, गोपालपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संपतचक नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने पूजा के दिनों में बड़ी गाड़ियों के परिचालन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखा. उन्होंने सप्तमी, महाअष्टमी, महानवमी और विसर्जन के दिन बड़ी वाहनों का रूट डायवर्ट कर बेलदारीचक से पुनपुन होते हुए 70 फीट की ओर भेजने की मांग की. उनका कहना था कि इससे पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम रहेगा।
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू ने बताया कि नगर परिषद की ओर से पूजा के दौरान लगातार सफाई अभियान चलाया जाएगा. छह स्थानों पर वाटर टैंक की व्यवस्था की जाएगी. पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने पर भी जोर दिया गया. मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग करायी जाएगी तथा अतिक्रमण वाले स्थानों पर अभियान चलाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने सभी पूजा समितियों से लाइसेंस प्राप्त करने और पूजा के दौरान कम से कम 40 सक्रिय सदस्यों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि पूजा समितियां पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करें, ताकि किसी तरह की परेशानी उत्पन्न न हो।
बैठक में गोपालपुर थाना द्वारा जब्त वाहनों को नए थाना परिसर में स्थानांतरित करने का भी निर्णय लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि बाजार और आसपास सड़कों पर जब्त वाहनों के खड़े रहने से जाम और आवागमन में परेशानी होती है. वाहनों को हटाए जाने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा. बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
