बिहार

महिलाओं के लिए 15 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण का आयोजन

अररिया, रंजीत ठाकुर। 56वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल बथनाहा के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के निर्देशन में रविवार को प्राथमिक विद्यालय कोशिकापुर, फुलकाहा में 20 सीमावर्ती महिलाओं के लिए 15 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ कराया गया। यह कोर्स 56 वीं वाहिनी बथनाहा द्वारा मॉडल विलेज बनाने हेतु चिन्हित कोशिकापुर गांव में उषा बुटीक फारबिसगंज द्वारा चलाया जाएगा, जिससे महिलाएं सुविधाजनक तरीके से अपने गांव में ही रहकर कोर्स को संपन्न कर सकें।

मौके पर उपस्थित समस्त महिला प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए 56वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने कहा कि सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व के मूल ध्येय वाक्य के साथ सशस्त्र सीमा बल आप सभी के सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण को शुभारंभ करने का मूल उद्देश्य है कि आप सभी आत्मनिर्भर बनें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करें। उनके द्वारा उपस्थित समस्त महिला प्रशिक्षुओं को कोर्स के शुभारंभ पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई और कहा कि आशा करता हूं कि आप सभी नियमित रूप से कोर्स को पूर्ण करेंगे एवं एसएसबी द्वारा कराए जा रहे इस कौशल विकास प्रशिक्षण को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश की महिलाएं जब आत्मनिर्भर होंगी तब हमारे देश का सर्वांगीण विकास संभव हो पाएगा। कार्यक्रम में श्री विक्रम द्वारा वैज्ञानिक विधि से मधुमक्खी पालन, मोटे अनाज के अत्यधिक उत्पादन व उपयोग के विशेष महत्व को बताते हुए स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

Advertisements
Ad 2

उनके द्वारा महिलाओं एवं पुरुषों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती होने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि आप सभी सशस्त्र सीमा बल द्वारा चलाए जा रहे नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण, निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर एवं निः शुल्क पशु चिकित्सा शिविर व समय-समय पर लगाए जा रहे फ्री मेडिकल चेकअप ओपीडी में शामिल हों और इसका लाभ उठाएं। कार्यक्रम में उषा बुटीक स्कूल फारबिसगंज की मैनेजर सविता ठाकुर द्वारा आगामी 15 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम के बारे में उपस्थित समस्त महिला प्रशिक्षु को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित ताराचंद पंडित वार्ड सदस्य कोशिकापुर एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संचालित इस कार्यक्रम की काफी सराहना की गई। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा शिक्षित करने एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में ज्वाइन करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में 56वीं वहिनी के बी कंपनी कमांडर अर्जुन अडनूर डी, उषा बूटीक की प्रशिक्षिका सुमन कुमारी, महिला प्रशिक्षु, स्थानीय ग्रामीण एवं जवान उपस्थित थे।

Related posts

तरारी में उम्मीदवार बदले जाने पर PK का बड़ा बयान

बिहार फोटो वीडियो एक्सपो का समापन, पटना रनवे वीक में फैशन का जलवा

वैशाली हिन्दी साहित्य सम्मेलन की भूमिका रही सराहनीय : डॉ अनिल सुलभ