फुलवारीशरीफ, अजीत। जदयू के वरिष्ठ नेता एवं ग्रेटर पटना फाउंडेशन के अध्यक्ष नागेश्वर सिंह स्वराज की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया है. फिलहाल उनका मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा है. अस्पताल में डॉ. संदीप वासनिक, डॉ. निशांत जिंदल और डॉ. अभिजीत पवार की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रक्त एवं हड्डी से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को लेकर उनकी आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परीक्षण किए जा रहे हैं. चिकित्सक जांच रिपोर्ट के आधार पर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर उपचार आगे बढ़ा रहे हैं. फिलहाल उनकी बीमारी और स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गयी है।
नागेश्वर सिंह स्वराज के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजनों, जदयू नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों में चिंता है. लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. परिजनों ने भी शुभचिंतकों से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
