बिहार

फुलकाहा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 324 लीटर शराब के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार!

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ फुलकाहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 324 लीटर शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई हैं। हालांकि, पुलिस को देखकर एक अन्य तस्कर बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर फुलकाहा थाना क्षेत्र के तोप नवाबगंज के रास्ते भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही बुधवार की अहले सुबह पुलिस बल के साथ फुलकाहा बाजार से तोप नवाबगंज जाने वाली सड़क पर कब्रिस्तान के समीप निगरानी बढ़ा दी गई।

इसी दौरान दो बाइक पर सवार तस्कर वहां पहुंचे। पुलिस को सामने देखकर दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए एक तस्कर को दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान कुल 324 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान नेपाल के सुनसरी जिले के दीवानगंज थाना क्षेत्र निवासी महानंद यादव के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को करीब तीन बजे उसे न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related posts

भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अभियान, ईमानदारी और पारदर्शिता का लिया संकल्प

चिकित्सा उपकरणों के मानकीकरण से मजबूत होगी मरीजों की सुरक्षा

गौरीचक में हथियारों का सौदा! तीन गिरफ्तार, पिस्टल-देसी कट्टा और गोलियों का जखीरा बरामद!