फुलवारीशरीफ, अजित। आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान को सम्मानित किया गया. ‘आयुष्मान मंथन बिहार’ कार्यक्रम के दौरान संस्थान को उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वोत्तम प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
यह सम्मान 16 मार्च 2026 को पटना के ऊर्जा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा महावीर कैंसर संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल. बी. सिंह को दिया गया. इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के सीईओ शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस) सहित राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि, विभिन्न जिलों के सिविल सर्जन तथा स्वास्थ्य सेवा से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. एल. बी. सिंह ने कहा कि महावीर कैंसर संस्थान शुरू से ही आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ केवल बिहार ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले जरूरतमंद मरीजों को भी मिल रहा है.
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए संस्थान के सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क और समर्पण के कारण ही यह सम्मान मिल सका है। कार्यक्रम में महावीर कैंसर संस्थान की उपाधीक्षक श्रीमती रोशन आरा और आयुष्मान मित्र आनंद प्रकाश भी मौजूद रहे।
