बिहार

न्याय व्यवस्था में दलाली के खिलाफ प्रधानमंत्री को पत्र, पीएमओ के जवाब को बताया नाकाफी

फुलवारीशरीफ, अजीत। न्यायपालिका में कथित दलाली और आम लोगों को न्याय दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय लोकहित पार्टी ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय से पत्र का जवाब मिला है, लेकिन वह उनकी शिकायत और उठाये गये मुद्दों के संदर्भ में नाकाफी है. उन्होंने कहा कि लड़ाई लंबी है और न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता तथा आम लोगों के हित में संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या पूरी न्यायपालिका पर सवाल खड़ा करना नहीं, बल्कि न्याय के नाम पर गरीब, कमजोर और कम जानकारी रखने वाले लोगों को कथित रूप से ठगने वाले बिचौलियों और दलालों को चिन्हित कर उनकी जांच कराना है. उन्होंने कहा कि भारतीय लोकहित पार्टी नाम और प्रमाण के साथ ऐसी शिकायतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा, “न भय, न लोभ और न पद का लालच. हमारी केवल एक इच्छा है कि भारत में न्याय का राज स्थापित हो और दुनिया भारत को उसकी सर्वोत्तम न्यायिक व्यवस्था के लिए जाने।

गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहना जरूरी है. उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति न्याय दिलाने के नाम पर लोगों का शोषण करता है तो उसकी पहचान कर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर संबंधित मामलों की जांच और कार्रवाई की मांग की है.

पीएमओ से जवाब मिलने के बाद उन्होंने कहा कि यह संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने आम लोगों से भी न्याय व्यवस्था को बेहतर बनाने के अभियान में साथ आने की अपील की।

शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में भी सक्रिय-

गुरुदेव श्री प्रेम शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. उनके द्वारा पटना के संपाचक बैरिया में संचालित प्रेम लोक मिशन स्कूल में पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम बिहार दौरे के दौरान पहुंचे थे और उन्हें सम्मानित किया था।

वर्तमान में भी गुरुदेव श्री प्रेम शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर देशभर में अभियान चला रहे हैं. पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए पौधारोपण सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इसी के साथ वह भारतीय लोकहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि न्याय के लिए शुरू की गयी यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के अधिकार और न्याय व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से है. पीएमओ के जवाब के बावजूद आगे भी संबंधित स्तर पर शिकायत और संघर्ष जारी रखने की बात उन्होंने कही है।

Related posts

वारिसलीगंज में बनेगा आधुनिक शुगर कॉम्प्लेक्स, मोतीपुर में फिर बजेगी चीनी मिल की सीटी

खेमनीचक अग्निकांड में 50 से अधिक दुकानें राख, सिलेंडर धमाकों के बीच नहीं बचा सके सामान

खेमनीचक सब्जी मंडी में भीषण अगलगी, 100 से अधिक झोपड़ियां राख