रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : शहर में भक्ति और उल्लास का संगम होने जा रहा है। श्री सनातन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और लीलाधारी श्री कृष्ण की अलौकिक लीलाओं का भव्य मंचन किया जाएगा।यह दिव्य आयोजन 4 अक्टूबर की रात 9 बजे से उत्सव पैलेस, रामलीला मैदान, कोसी मंदिर मार्ग पर शुरू होगा। श्री राम महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के कर-कमलों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। इसको लेकर कमेटी द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को आमंत्रित किया गया।
कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार गोयल ‘सोनी ताऊ’ ने बताया कि इस बार की रामलीला और भी खास होने वाली है। इस वर्ष वृंदावन के प्रसिद्ध स्वामी कन्हैया लाल दत्ता त्रय के नेतृत्व में कुशल कलाकारों की मंडली मधुर संगीत के साथ लीलाओं का मंचन करेगी। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी दो सत्रों में कार्यक्रम होगा रात्रिकालीन सत्र में श्री रामलीला और प्रातःकालीन सत्र में गौरांगी लीला, हनुमान लीला एवं कृष्ण लीला के प्रमुख प्रसंगों का मंचन होगा। इस बार की गौरांग लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
महामंत्री वीरेंद्र कुमार गर्ग ने जानकारी दी कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री राम महोत्सव का समापन माँ भगवती के विशाल जागरण के साथ होगा, जिसमें रामपुर सहित बाहर से आए प्रसिद्ध गायक अपनी मधुर वाणी से माँ के भजनों की वर्षा करेंगे।प्रेस वार्ता के दौरान सह-अध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निर्भय गर्ग, ईश्वर शरण अग्रवाल, योगेश अरोड़ा, डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. सुमित गोयल, मनोज अग्रवाल, अरविंद कुमार अग्रवाल अरुण कुमार अग्रवाल, राजीव शरण गर्ग, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, आकाश बंसल, शांति शरण राठौर, संजय कुमार अग्रवाल, हरिओम गुप्ता, रविंद्र कुमार मिश्रा सहित कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
