फुलवारी शरीफ,अजित : इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) का वार्षिक सम्मेलन, आईएसवीआईआर राज्य चैप्टर, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के सहयोग से, 11 और 12 जनवरी 2025 को एम्स पटना के ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.इसमें पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, एम्स नई दिल्ली और एसजीपीजीआई लखनऊ सहित देश के प्रमुख संस्थानों से 12 से अधिक विशेषज्ञ फैकल्टी ने भाग लिया. इस दो दिवसीय आयोजन में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों से 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया. यह सम्मेलन रेडियोलॉजी विभाग, एम्स पटना द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विषय पर चर्चा की गई.सम्मेलन की अध्यक्षता एम्स पटना के रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव प्रियदर्शी और डॉ. नवीन कालरा ने की, जबकि डॉ. उपासना सिन्हा और डॉ. चिराग आहूजा ने सचिव के रूप में कार्यभार संभाला.
इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी चिकित्सा क्षेत्र में एक क्रांतिकारी तकनीक है, जो इमेज गाइडेड और कम-आक्रामक तरीकों का उपयोग करके जटिल बीमारियों जैसे लिवर ट्यूमर और वैस्कुलर डिजीज का इलाज करती है. यह तकनीक पारंपरिक शल्य चिकित्सा की तुलना में कम जोखिम, तेज रिकवरी और अस्पताल में कम समय की आवश्यकता सुनिश्चित करती है हालांकि, आम जनता और चिकित्सकों के बीच अभी भी इस तकनीक के प्रति जागरूकता की कमी है. इस सम्मेलन का उद्देश्य इस जागरूकता को बढ़ाना और आधुनिक तकनीकों को अपनाने को प्रोत्साहित करना था.
सम्मेलन में ‘हैंड्स ऑन वर्कशॉप’ और ‘हाउ आई डू इट’ जैसे सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और नवीनतम तकनीकों का ज्ञान प्रदान किया यह आयोजन इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ
