फुलवारीशरीफ, अजित। माहे रमज़ान के पाक मौके पर फुलवारी शरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान में दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदारों, गणमान्य लोगों और स्थानीय नागरिकों ने शिरकत की और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। इफ्तार से पहले रोजेदारों ने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी एकता के लिए दुआ की. इसके बाद सभी ने एक साथ रोजा खोलकर इफ्तार किया. कार्यक्रम में मिल्ली काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना अनिसुर रहमान कासमी, महावीर कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. बी. सान्याल, लेफ्टिनेंट जी. के. चौधरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल. बी. सिंह, उपाधीक्षक रौशन आरा, डीएसपी कैसर आलम, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि फारूक आजम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर फुलवारी शरीफ के मौलाना अब्दुल बारी साहब, जनाब सबर सलाम साहब समेत सैकड़ों लोगों ने दावत-ए-इफ्तार में भाग लिया. संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल. बी. सिंह ने कहा कि महावीर कैंसर संस्थान में बिना भेदभाव और बिना जाति-पाति के सभी मजहबों और उनके त्योहारों को सम्मान के साथ मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देता है। इफ्तार के बाद उपस्थित लोगों ने नमाज अदा की और संस्थान में इलाजरत मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने के लिए विशेष दुआ भी की. कार्यक्रम में अस्पताल के कई डॉक्टर, कर्मचारी और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
